कलारी सेल्समैन पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले तीन आरोपी पुलिस के शिकंजे में

ग्वालियर। मुरार थाना क्षेत्र में शराब कम दाम में नहीं मिलने की रंजिश में कलारी सेल्समैन पर जानलेवा फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों तक पुलिस आखिरकार पहुंच गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सैफ अली खान और उसके साथी विक्की उर्फ हृदेश मंडेलिया को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। घटना में इस्तेमाल 315 बोर की देशी अधिया (कट्टा) पुलिस पहले ही एक अन्य आरोपी इरफान से बरामद कर चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, फरियादी शंकर द्विवेदी खुरैरी स्थित देशी-विदेशी शराब दुकान पर सेल्समैन है। 28 जुलाई की रात आरोपी सैफ अली खान शराब कम कीमत पर देने का दबाव बना रहा था। मना करने पर उसने गाली-गलौज की और धमकी देते हुए चला गया। अगले ही दिन 29 जुलाई की शाम वह अपने दो साथियों के साथ बाइक से कलारी पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर कट्टे से फायर कर दिया। गोली शंकर द्विवेदी को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। शिकायत पर मुरार थाने में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा, सीएसपी मुरार संदीप बांगरे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक मैना पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कृष्णानंद वाटिका के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सैफ अली खान को दबोच लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का कट्टा उसने अपने साथी इरफान से लिया था और घटना के बाद उसे वापस कर दिया था। पुलिस इरफान को एक अन्य मामले में पहले ही गिरफ्तार कर उसके कब्जे से यही हथियार बरामद कर चुकी है।

जांच के दौरान पुलिस ने फरार आरोपी विक्की उर्फ हृदेश मंडेलिया को गुलाबपुरी स्थित 17 बीघा रोड से गिरफ्तार किया, जबकि वारदात में शामिल एक बाल अपचारी को फक्कड़ बाबा क्षेत्र से पकड़कर अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और घटना में उनकी भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मैना पटेल, उपनिरीक्षक राहुल अहिरवार तथा पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

मासोद रोड पर पेट्रोल पंप के सामने पलटी कार, 2 घायल 

Thu Aug 6 , 2026
मुलताई। मुलताई मासोड रोड पर चंदा पेट्रोल पंप के सामने बुधवार एवं गुरुवार की दरमियानी रात एक कार बेकाबू होकर खेत में जाकर पलट गई,जिससे 2 लोग घायल हो गए, जिन्हे 108 एम्बुलेंस से लाकर नगर के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया,प्राथमिक उपचार के बाद जिला […]

You May Like