
इंदौर. एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन युवाओं से लाखों रुपए ठगने का मामला सामने आया है. आरोपी ने फर्जी ऑफर और जॉइनिंग लेटर देकर पीड़ितों को भरोसे में लिया और अलग अलग किस्तों में 5 लाख 29 हजार 49 रुपए ले लिए. जब युवक जॉइनिंग के लिए पहुंचे तो दस्तावेज फर्जी निकले. शिकायत के बाद तुकोगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.
पीड़ित अमित कुमार प्रजापति, रितेश वर्मा और मनस्वी गहलोत ने वर्ष 2024 और 2025 में एमजी रोड स्थित अक्शा इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट से एविएशन और क्रू मेंबर से जुड़े कोर्स किए थे. इसी दौरान उनकी पहचान विनोबा नगर निवासी वैभव मेहता से हुई, जो संस्थान में ट्रेनिंग देता था. आरोप है कि कोचिंग छोड़ने के बाद वैभव ने तीनों से संपर्क किया और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया तथा इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया. उसने नौकरी के नाम पर मनस्वी गहलोत से 1 लाख 14 हजार 650 रुपए, रितेश वर्मा से 2 लाख 74 हजार 399 रुपए और अमित प्रजापति से 1 लाख 40 हजार रुपए ले लिए. रकम लेने के बाद आरोपी ने तीनों को संबंधित संस्थानों के नाम से ऑफर लेटर और जॉइनिंग लेटर दे दिए. पीड़ित जब इन दस्तावेजों के साथ जॉइनिंग के लिए पहुंचे तो अधिकारियों ने जांच में उन्हें फर्जी बताया. इसके बाद तीनों ने तुकोगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने जांच के बाद आरोपी वैभव मेहता के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने इसी तरीके से अन्य युवाओं को भी तो अपना शिकार नहीं बनाया.
तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई…
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया है, आरोपी की तलाश की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.
एडिशनल डीसीपी, राजेश दंडोतिया
