शहडोल: सड़क हादसों में बेजुबान गौवंशों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सोहागपुर थाना क्षेत्र का है, जहां भारत पेट्रोल पंप के सामने बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पर बैठे पांच गौवंशों को कुचल दिया। हादसे में सभी गौवंशों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो मवेशी ट्रेलर के पहियों के नीचे फंस गए, जिससे चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर बुढार से शहडोल की ओर जा रहा था। हादसे के बाद वाहन घटनास्थल पर ही खड़ा रह गया, जबकि उसके आगे और पीछे पांच मवेशियों के शव पड़े रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के कई घंटे बाद तक न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही यातायात विभाग की टीम ने वाहन हटाने या यातायात सामान्य कराने की कोई कार्रवाई की।
ग्रामीणों का कहना है कि भारत पेट्रोल पंप के सामने अक्सर भारी वाहनों की कतार लगी रहती है। दूसरी ओर सड़क पर गौवंशों का बैठना आम बात है। ऐसे में यह स्थान लगातार हादसों का कारण बन रहा है। लोगों का आरोप है कि पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे दिन-रात खड़े रहने वाले वाहनों को हटाने के लिए यातायात विभाग ने आज तक कोई कदम नहीं उठाया।
