
सिंगरौली । हर्रहवा स्थित रिलायंस पावर प्लांट के फ्लाई-एस डैम के क्षतिग्रस्त होने से आसपास के खेतों में पहुंची राखड़ ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने सोमवार को प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर मौके की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विधायक ने खेतों में पहुंची राखड़ तथा प्रभावित क्षेत्र की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद तहसीलदार आरके बंसल, आरई वीरेंद्र नाथ चतुर्वेदी एवं रिलायंस के सीएसआर प्रमुख फुसैल अहमद, सीएसआर विपिन पाण्डेय से डैम क्षतिग्रस्त होने के कारणों, प्रभावित क्षेत्र और संभावित नुकसान के संबंध में जानकारी ली। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए क्षति का निष्पक्ष एवं उचित आंकलन कराया जाए।
प्रभावित किसानों की सुनवाई प्राथमिकता के साथ करें
विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि किसानों ने महीनों की मेहनत और पूंजी लगाकर फसल तैयार की है। ऐसे में राखड़ के कारण फसल को हुआ नुकसान गंभीर विषय है। प्रभावित किसानों की सुनवाई प्राथमिकता के साथ की जाए और नियमानुसार उन्हें आवश्यक राहत एवं उचित निराकरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन और संबंधित एजेंसी को प्रभावित लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना होगा। निरीक्षण के दौरान ई अनिल कुमार, भाजपा जिला महामंत्री विक्रम सिंह, मंडल अध्यक्ष, सौरभ गुप्ता, कमलेश शाह, महामंत्री कमलेश वैश्य, मंत्री विश्वामित्र शाह, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अशोक शाह, अनिल शाह सहित पार्टी पदाधिकारी एवं स्थानीयजन मौजूद रहे।
