
ग्वालियर। माधव विधि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीति पांडेय को बैंकॉक स्थित क्रिक विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में उनके शोधपत्र के लिए च्बेस्ट पेपर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
डॉ. नीति पांडेय इससे पहले भी दुबई, श्रीलंका और सिंगापुर सहित विभिन्न देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोधपत्र प्रस्तुत कर चुकी हैं। वह अब तक सात बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्हें तीन बार बेस्ट पेपर प्रेजेंटर अवार्ड, एक बार अकादमिक एक्सीलेंस अवार्ड तथा दो बार रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। वह कई अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों में विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रही हैं।
बैंकॉक के सेमिनार में उनके शोधपत्र का विषय निगमित कानून के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता द्वारा उत्पन्न गलत एवं काल्पनिक जानकारी तथा आंकड़ा गोपनीयता से जुड़े जोखिमों का समाधान कृत्रिम बुद्धिमत्ता ज्ञान के प्रशासन और जोखिम प्रबंधन का एक गुणात्मक विश्लेषण रहा। शोधपत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते उपयोग के बीच निगमित कानून, गलत एवं भ्रामक जानकारी, डेटा गोपनीयता और जोखिम प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों का विश्लेषण किया गया।
डॉ. पांडेय ने अपनी सफलता का श्रेय महाविद्यालय के प्रबंधन मंडल को देते हुए कहा कि प्रबंधन सदैव संस्थान में रिसर्च कल्चर विकसित करने और उत्कृष्ट शोध के लिए प्रेरित करता है। महाविद्यालय प्रबंधन, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
