अब जिला जेल में शुरु होगा बेकरी उद्योग

कैदियों को मिलेगा ताजा नाश्ता

इंदौर: आजाद नगर स्थित जिला जेल में अब कैदियों को गरमागरम समोसे और बेकरी उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे. जेल प्रशासन ने यहां बेकरी उद्योग की शुरुआत की है, जहां ब्रेड, बिस्किट, समोसे और कचोरी जैसे उत्पाद तैयार किए जाएंगे.जेल अधीक्षक जवाहर सिंह मंडलोई ने बताया कि फिलहाल जेल के भीतर कैदियों के लिए ब्रेड का उत्पादन शुरू किया गया है. जल्द ही बेक समोसे और कचोरी भी बनाई जाएंगी.

जेल में रहने वाले कैदियों को यहां रोजगार भी मिलेगा, जिससे वे अपने समय का सदुपयोग कर सकेंगे. इसके अलावा, मुलाकात के लिए आने वाले लोग भी बाहर लगी कैंटीन से इन उत्पादों को खरीद सकेंगे. भविष्य में जेल में बनी ब्रेड और अन्य उत्पादों को आसपास के उपजेलों में भी सप्लाई करने की योजना बनाई जा रही है. इससे पहले सेंट्रल जेल में भी गरम समोसे और कचोरी बनाने की शुरुआत की गई थी, लेकिन कुछ समय बाद यह योजना बंद हो गई थी. इस बार प्रशासन ने इसे लंबे समय तक सफलतापूर्वक संचालित करने की योजना बनाई है. जेल प्रशासन का मानना है कि इस पहल से कैदियों को रोजगार के साथ-साथ हुनर सीखने का भी अवसर मिलेगा, जिससे वे भविष्य में समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे.

Next Post

अखिल भारतीय महापौर केसरी कुश्ती प्रतियोगिता आज से

Thu Jan 30 , 2025
पहले दिन पहलवानो का होगा वजन, 31 से दंगल प्रारम्भ महापौर द्वारा छोटा नेहरू स्टेडियम का निरीक्षण इंदौर: शहर की परम्परागत खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के उददेश्य से 30 जनवरी से 2 फरवरी तक शहर के छोटा नेहरू स्टेडियम में अखिल भारतीय महापौर केसरी, मध्य प्रदेश महापौर केसरी, इंदौर […]

You May Like