सतना : फीस जमा करने का दबाव बनाते हुए प्राचार्य द्वारा विद्यालय में अध्ययनरत छात्रा के साथ परिसर में मारपीट किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए. इस संबंध में छात्रा की शिकायत के आधार पर जिला चिकित्सालय में चिकित्सकीय परीक्षण कराए जाने के बाद कोलगवां थाने में प्राचार्य के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है.प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रहने वाली एक बालिका सरस्वती उमा विद्यालय कृष्णनगर में अध्ययनरत है. छात्रा के अनुसार विद्यालय के पूर्व प्रचार्य द्वारा न सिर्फ उसकी फीस माफ कर दी गई थी. बल्कि यह आश्वासन भी दिया गया था कि वह जब तक विद्यालय में पढ़ेगी तब तक उससे फीस नहीं ली जाएगी.
छात्रा के अनुसार इस वर्ष नए प्रचार्य विद्यालय में आ गए और उन्होंने फीस मांगनी शुरु कर दी. इसी कड़ी में बुधवार को जब वह विद्यालय पहुंची तो प्राचार्य ने सख्त लहजे में कहा कि फीस जमा करने के बाद ही विद्यालय के अंदर जाने की अनुमति मिलेगी. यह कहते हुए छात्रा को विद्यालय से बाहर निकाल दिया गया. किसी तरह हिम्मत जुटाकर जब छात्रा प्राचार्य के कार्यालय में पहुंची तो प्राचार्य ने उसके साथ मारपीट करते हुए बाहर निकलने का कहा. इस दौरान विद्यालय के अन्य शिक्षक भी वहां पहुंच गए लेकिन सभी ने प्राचार्य को रोकने के बजाए उल्टा छात्रा को ही यह नसीहत देनी शुरु कर दी कि वह इस विद्यालय से टीसी कटाकर कहीं और चली जाए. वहीं घटना की सूचना मिलने पर कोलगवां थाने की पुलिस विद्यालय परिसर में पहुंच गई. उस दौरान छात्रा जमीन पर पड़ी हुई नजर आई. लिहाजा महिला पुलिस कर्मियों ने छात्रा को संभालते हुए बैठाया और पानी पिलाया. जब छात्रा थोड़ा सहज महसूस करने लगी तो महिला पुलिसकर्मी उसे अपने साथ ले गईं.
अस्पताल में हुआ मेडिकल
छात्रा के अनुसार प्राचार्य द्वारा की गई मारपीट की वजह से उसके नाक से रक्त निकलने लगा और दाहिना हाथ चोटिल हो गया. वहीं जब घटना की जानकारी मिलने पर उसके चाचा पहुंचे तो उन्हें भी न सिर्फ कार्यालय बल्कि विद्यालय परिसर से बाहर निकाल दिया गया. इस घटना से बुरी तरह प्रताडि़त महसूस कर रही छात्रा ने घटना की शिकायत कोलगवां थाने में की. जिसके आधार पर पुलिस ने छात्रा का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के साथ ही विद्यालय के प्राचार्य के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया. पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है.
विद्यालय प्रबंधन ने भी की शिकायत
घटना की जानकारी सामने आने पर सरस्वती उमा विद्यालय प्रबंधन द्वारा भी कोलगवां थाने में शिकायत की गई. प्रबंधन के अनुसार छात्रा और उसके भाई की पिछले और वर्तमान सत्र की कुल फीस 58 हजार 930 रु बकाया है. जिसे लेकर अभिभावकों को फीस जमा करने के लिए कई बार कहा गया. लेकिन अभिभावकों ने फीस लमा करने के बजाए विद्यालय प्रबंधन के साथ अनुचित व्यवहार किया. वहीं थाना प्रभारी सुदीप सोनी के अनुसार दोनों पक्ष की शिकायत के आधार पर जांच जारी है. इसी कड़ी में विद्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जाएंगे, जिसस घटना की स्थित स्पष्ट हो सकेगी
