भारी बारिश के बीच गुरुग्राम पुलिस की कॉर्पोरेट कार्यालयों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम देने की अपील

पंचकूला, 06 अगस्त (वार्ता) हरियाणा में गुरुग्राम पुलिस ने शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनज़र कॉर्पोरेट कार्यालयों और निजी प्रतिष्ठानों के लिए एक परामर्श (एडवाइजरी) जारी की है। इसमें उनसे आग्रह किया गया है कि वे 6 अगस्त, 2026 को अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम (घर से काम) की सुविधा उपलब्ध कराएं।

हरियाणा पुलिस के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुये बताया कि लगातार हो रही वर्षा के कारण गुरुग्राम की प्रमुख सड़कों और चौराहों पर जलभराव तथा यातायात जाम की स्थिति बनने की प्रबल संभावना है।

उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अनावश्यक यातायात के दबाव को कम करने तथा सड़क प्रबंधन में स्थानीय प्रशासन की सहायता के उद्देश्य से गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट क्षेत्र और निजी प्रतिष्ठानों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की पुरजोर अपील की है।

प्रवक्ता के अनुसार, यदि गैर-जरूरी वाहनों की आवाजाही कम होती है तो यातायात प्रबंधन टीमों को यातायात सुचारु बनाए रखने तथा एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने में काफी सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम पुलिस नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने में कॉर्पोरेट संस्थानों और आम लोगों के सहयोग की सराहना करती है।

गुरुग्राम पुलिस ने अपने परामर्श के अंत में नागरिकों से अपील की है—”सुरक्षा सर्वोपरि, सावधानी से चलें।”

 

Next Post

सीईओ की अध्यक्षता में योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित

Thu Aug 6 , 2026
श्योपुर:कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद की अध्यक्षता में निषादराज भवन जिला पंचायत परिसर श्योपुर में जनपद पंचायत श्योपुर अंतर्गत ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में सीईओ जनपद श्री एसएस भटनागर सहित विकासखंड क्षेत्र के विभिन्न ग्राम […]

You May Like