मुंबई, 22 अप्रैल (वार्ता) सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी टेक महिंद्रा को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में समेकित आधार पर 1,354 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो सालाना आधार पर 16 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के निदेशक मंडल की बुधवार को हुई बैठक में वित्तीय परिणामों को मंजूरी प्रदान की गयी। इसके अनुसार, चौथी तिमाही में राजस्व 12.6 फीसदी बढ़कर 15,076 करोड़ रुपये पर रहा। प्रति शेयर आय 15.24 रुपये रही। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का राजस्व 56,815 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 4,811 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इनमें एक साल पहले के मुकाबले क्रमशः 7.2 प्रतिशत और 13.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
निदेशक मंडल ने 36 रुपये प्रति शेयर के अंतिम लाभांश की भी घोषणा की। इससे पहले नवंबर 2025 में कंपनी ने प्रति इक्विटी शेयर 15 रुपये का अंतरिम लाभांश दिया था। इस प्रकार पूरे वित्त वर्ष के दौरान कुल लाभांश 51 रुपये प्रति शेयर हो गया है जो कंपनी के इतिहास में सबसे अधिक है। चौथी तिमाही के दौरान कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 1,108 कम होकर 1,47,623 रह गयी। तिमाही के अंत में कंपनी के पास 8,456 करोड़ रुपये की नकदी या समतुल्य थे। टेक महिंद्रा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक मोहित जोशी ने कहा कि कंपनी ने एआई-प्रधान संगठन बनने की दिशा में अपनी गति तेज कर दी है। सेवाओं में एआई को समावेशन बढ़ाया जा रहा है। कंपनी ने बताया कि उसे वित्त वर्ष 2025-26 में 3,794 करोड़ डॉलर से अधिक के डील मिले जो पांच साल में सबसे अधिक है।

