जबलपुर: एमपी स्टेट बार काउंसिल निर्वाचन-2026 की मतगणना प्रक्रिया आज बुधवार पांच अगस्त से पुन: प्रारंभ होगी। मतगणना से पहले मतपत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया मंगलवार को पूर्ण कर ली गई। निर्वाचन अधिकारी व पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति एसके पालो व वरिष्ठ अधिवक्ता नमन नागरथ के निर्देशन में पूरी प्रक्रिया अनुशासन, सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ संपन्न हुई। मतपत्र सत्यापन के दौरान प्राप्त विसंगतियों का विवरण सार्वजनिक किया जाएगा। इसके बाद वैध एवं अवैध मतपत्रों की संख्या घोषित की जाएगी।
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत कोटा निर्धारित करने के साथ अतिरिक्त मूल्य की गणना और उसका संबंधित प्रत्याशियों में वितरण किया जाएगा। इसके बाद द्वितीय चरण की मतगणना तथा आवश्यकता पडऩे पर एलिमिनेशन राउंड शुरू होगा। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पांच अगस्त को सुबह 10 बजे से मतगणना का सीधा प्रसारण स्टेट बार के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। प्रत्येक चरण की अद्यतन जानकारी परिषद की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाएगी। मतगणना प्रक्रिया में असिस्टेंट रिटर्निंग आफिसर जीएस बघेल, दीपक अवस्थी व हाई पावर्ड इलेक्शन कमेटी के सचिव प्रशांत दुबे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
