ईओडब्ल्यू ने पंचायत भवन में 5 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथों दबोचा, हाथ धुलवाने पर घोल हुआ गुलाबी

ग्वालियर,  प्रधानमंत्री आवास योजना की अंतिम किश्त जारी कराने के नाम पर रिश्वत मांगना एक ग्राम रोजगार सहायक को महंगा पड़ गया। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ग्वालियर ने मंगलवार को डबरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत भवन में आरोपी ग्राम रोजगार सहायक को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

ईओडब्ल्यू के अनुसार, ग्राम सागरपुरा बाबूपुर, तहसील डबरा निवासी अजय कुशवाह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता कैलाश कुशवाह को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत मकान की अंतिम किश्त जारी कराने के एवज में ग्राम लिधौरा के ग्राम रोजगार सहायक सोनू शर्मा ने 8 हजार रुपये की मांग की थी। बातचीत के बाद 5 हजार रुपये देने पर सहमति बनी।

ईओडब्ल्यू ने शिकायत का तकनीकी सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद मंगलवार को ट्रैप की कार्रवाई की गई।

पूर्व नियोजित योजना के तहत शिकायतकर्ता जैसे ही ग्राम पंचायत भवन, लिधौरा में सोनू शर्मा को 5 हजार रुपये देने पहुंचा और आरोपी ने रकम अपने कब्जे में ली, तभी पहले से तैनात ईओडब्ल्यू की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के हाथ रासायनिक घोल से धुलवाए गए, जिसमें घोल गुलाबी रंग का हो गया, जिससे रिश्वत की राशि छूने की पुष्टि हुई। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली। गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।

ईओडब्ल्यू के पुलिस अधीक्षक दिलीप सिंह तोमर ने बताया कि पूरी कार्रवाई विधिवत ट्रैप प्रक्रिया के तहत की गई। कार्रवाई में एडीपीओ अनिल कुमार लोधी, उप पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह कुशवाह, निरीक्षक मदन मोहन मालवीय, निरीक्षक आशीष राजपूत, उप निरीक्षक नीलम श्रीवास्तव, शैलेन्द्र शर्मा, बृजमोहन शर्मा, हरिकिशोर चतुर्वेदी तथा आरक्षक नरेश सिंह, आशुतोष दुबे, अभिषेक चौहान और अभिषेक तोमर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

सोनी सब के 'यादें' ने पूरे किए 100 एपिसोड

Tue Aug 4 , 2026
मुंबई, 04 अगस्त (वार्ता) सोनी सब के लोकप्रिय धारावाहिक ‘यादें’ ने 100 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। इस उपलब्धि का जश्न शो की पूरी कास्ट और क्रू ने सेट पर मिलकर मनाया। कलाकारों ने कहा कि इस सफर के दौरान बनी आपसी दोस्ती और अपनापन पर्दे पर भी साफ दिखाई […]

You May Like