जबलपुर: गढ़ा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते दो कारों में सवार सात बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में एक-एक कर चार दोस्तों का अपहरण किया। इसके बाद आरोपी उन्हें बड्डा दादा मैदान ले गए, जहां बेल्ट और बेसबॉल स्टिक से उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। वारदात के दौरान अचानक पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी पहुंचने से चारों युवकों की जान बच सकी। पुलिस को देखकर आरोपी मौके से भाग निकले।
पुलिस ने देर रात सातों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार इन्द्रा बस्ती निवासी विनम्र बर्मन के दोस्त अंकित ठाकुर की अभिषेक बर्मन से पुरानी रंजिश है। इसी वजह से अभिषेक अंकित के बाकी दोस्तों से भी दुश्मनी रखता था। मुख्य आरोपी अभिषेक बर्मन अपने साथी यश साहू, राज तेकाम और जिशान खान के साथ कार से निकला। इन चारों ने सबसे पहले विक्का ठाकुर का रास्ता रोककर उसका अपहरण किया इसके बाद आरोपी भारत कॉलोनी पहुंचे। वहां विनम्र बर्मन अपने दोस्त अनमोल के साथ बैठा था।
बदमाशों ने दोनों से बदसलूकी की और जबरन उन्हें भी कार में बैठा लिया। वारदात के दौरान ही दूसरी कार से अभिषेक के तीन और साथी राज रजक, विशाल और हर्ष तिवारी भी वहां पहुंच गए। सातों ने मिलकर पीडि़तों को जान से मारने की धमकी दी। सातों बदमाश दोनों कारों में तीनों पीडि़तों को लेकर अंकित के घर पहुंचे। वहां विनम्र से जबरन अंकित को फोन लगवाकर बाहर बुलाया गया और बाहर आते ही अंकित का भी अपहरण कर लिया गया। सातों आरोपी चारों अपहृत युवकों विनम्र, अंकित, अनिकेत और विक्की को बंधक बनाकर बड्डा दादा मैदान ले गए। मैदान में बदमाशों ने चारों को घेरकर बेसबॉल स्टिक और बेल्ट से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। पीडि़त दर्द से चीखते रहे, लेकिन बदमाशों का दिल नहीं पसीजा। इसी बीच गढ़ा थाने की पुलिस वहां से गुजरी। पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनते ही सातों आरोपी घबरा गए और अपनी कारों में सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले।
देर रात एफआईआर दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी-
पुलिस ने लहूलुहान पीडि़तों को अस्पताल पहुंचाया और देर रात विनम्र बर्मन की शिकायत पर सातों आरोपियों अभिषेक बर्मन, यश साहू, राज तेकाम, जिशान खान, राज रजक, विशाल, हर्ष तिवारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
