सतना:कट्टे से ट्रक चालक पर फायर कर उसे लूट लेने वाले आरोपी को 10 दिन बाद पुलिस ने दबोच लिया. आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया कट्टा बरामद कर लिया गया.
उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्रा से प्राप्त जानकारी के अनुसार मऊगंज निवासी ट्रक चालक मोहम्मद तस्लीम उम्र 26 वर्ष 20 फरवरी की रात अपने खाली ट्रक को लेकर चित्रकूट से बुरहानपुर की ओर जा रहा था. रात के लगभग 1 बजे जैसे ही वह राम पथ गमन मार्ग पर पहुंचा वैसे ही ट्रक का टयार पंचर हो गया. जिसके चलते वह ट्रक को सडक़ किनारे खड़ा कर जैक लगाते हुए टयार बदलने लगा. इसी दौरान मुंह पर काला पकड़ा बांधे हुए एक व्यक्ति वहां पहुंच गया.
उसने चालक की जेब में रखी नकदी निकालने की कोशिश की. मना करने पर उसने कट्टे से फायर कर दिया. कट्टे से निकली गोली सीधे चालक के बाएं हाथ पर जा लगी. जिसके बाद वह रुपए छीनकर वहां से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल ट्रक चालक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा. जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया गया. चालक के बयान के आधार पर पुलिस ने विवेचना शुरु की तो अतेंद्र पाल उर्फ छोटू पिता शिवलाल निवासी मौहार की नाम सामने आया. जिसके चलते पुलिस ने उसे दबोचते हुए पूछताछ शुरु की. आरोपी ने फायर व लूट की घटना को स्वीकार कर लिया.
