नयी दिल्ली 19 अप्रैल (वार्ता) उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने ईस्टर की पूर्व संध्या पर ईसाई समुदाय सहित समस्त नागरिकों को शुभकामनाएं दी है।
श्री धनखड़ ने शनिवार को ईस्टर की पूर्व संध्या पर यहां जारी एक संदेश में कहा कि ईस्टर यीशु मसीह के पुनरुत्थान के माध्यम से आशा और नवीनीकरण का प्रतीक है। करुणा, क्षमा और सेवा की उनकी शाश्वत शिक्षाएँ हमें एक सामंजस्यपूर्ण समाज के निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन करती हैं।
उन्होंने कहा, “इस ईस्टर रविवार के अवसर पर, मैं भारत भर के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं, तथा इस पावन अवसर को मनाने वाले हमारे ईसाई समुदायों का विशेष आभार व्यक्त करता हूं।”
श्री धनखड़ ने कहा कि यह पवित्र दिन हम सभी को कमज़ोर लोगों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को नवीनीकृत करने और प्रेम के मसीह के संदेश को अपनाने के लिए प्रेरित करे। शांति और नवीनीकरण हमारे देश के घरों और समुदायों को भर दें।
