नए जिला अध्यक्ष का स्वागत करने भाजपाई बेताब

० प्रदेश भाजपा संगठन से 5 जनवरी को घोषित हो सकते हैं नए जिला अध्यक्ष, नए अध्यक्ष को लेकर लग रहे कयास

नवभारत न्यूज

सीधी 3 जनवरी। भाजपा जिला अध्यक्ष के निर्वाचन की चल रही प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। 5 जनवरी को नए जिला अध्यक्ष की घोंषणा होने का काफी बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। नए जिला अध्यक्ष का स्वागत करने के लिये भाजपाईयों में काफी बेताबी देखी जा रही है।

भाजपा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि मध्यप्रदेश में अटके जिला अध्यक्षों के चुनाव को लेकर अब रास्ता साफ हो गया है। शीर्ष नेतृत्व में स्पष्ट कर दिया है कि 5 जनवरी तक जिला अध्यक्षों की सूची तैयार कर ली जायेगी। क्योंकि इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होनी है। दिल्ली में भाजपा की केन्द्रीय बैठक में जिला अध्यक्षों और प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव पर मंथन हुआ, इसमें मध्यप्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। चुनाव की प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और निर्णय लिया गया कि जिला अध्यक्ष का चयन पारदर्शिता और संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखते हुये किया जायेगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर कई प्राथमिकताएं निर्धारित की गई हैं। इनमें वर्तमान अध्यक्ष की स्थिति का भी आंकलन किया जायेगा। वर्तमान अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा ने जहां से विधानसभा और लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया है उस पर भी मंथन हो रहा है। वहीं लम्बे समय से बिना पद के काम कर रहे नेताओं को संगठन चुनाव में मौका मिलने की उम्मीदें भी जताई जा रही हैं। सीधी के नये भाजपा जिलाध्यक्ष को लेकर फिलहाल यहां के बड़े नेता भी कयास ही लगा रहे हैं। दौड़ में करीब दर्जन भर दावेदार शामिल हैं जिनमें 3 भाजपा नेत्रियों का नाम भी सुर्खियों में बना हुआ है। कुछ दावेदार तो भोपाल तक दौड़ लगा रहे हैं।

००

रायशुमारी से कुछ दावेदार थे ज्यादा सक्रिय

भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया में जिलाध्यक्ष के लिये रायशुमारी शुरू होते ही कई दावेदार काफी ज्यादा सक्रिय हो गये थे। ऐसे दावेदार अपनी दावेदारी को पुख्ता करने के लिये मंडल अध्यक्षों, भाजपा पदाधिकारियों, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से सतत संपर्क बनाये हुये थे। ऐसे दावेदारों की मंशा थी कि रायशुमारी में उनका नाम ज्यादा से ज्यादा लोगो की ओर से जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष रखा जाए। साथ ही उनके द्वारा भाजपा संगठन के शीर्ष नेताओ से भी समर्थन पाने के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं।

००

समीकरणों में उलझा अध्यक्ष का नाम

जिला अध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर भाजपा की राजनीति पूरी तरह गरमा चुकी है। एक तरफ जहां जिले के मौजूदा अध्यक्ष देव कुमार सिंह की ताजपोशी को लेकर अटकलें जारी हैं। वहीं दूसरी तरफ ओबीसी कार्ड खेलने की संभावनाएं भी चर्चा में हैं। पार्टी के मौजूदा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह पर पार्टी का भरोसा एक बार फिर बनेगा या नहीं, इस सवाल पर चर्चाएं तेज हैं। जिले में कई उम्मीदवार अध्यक्ष पद के दावेदार हैं। क्या इस बार बीजेपी पारम्परिक क्षत्रिय ब्राह्मण वर्चस्व को कायम रखेगी या राजनीतिक संतुलन साधते हुए ओबीसी कार्ड खेलने का बड़ा दांव लगाएगी। जिले में इस सवाल ने सियासी हलचल पैदा कर दी है। भाजपा के अध्यक्ष पद के फैसले से जिले की राजनीतिक दिशा और दशा तय होनी है, भाजपा के लिए यह फैसला न केवल जिले के राजनीतिक माहौल को प्रभावित करेगा बल्कि पार्टी की आगामी योजनाओं और दिशा को भी तय करेगा। अध्यक्ष पद पर किसे चुना जाएगा, इस पर जिले की राजनीति की दिशा भी निर्भर करेगी। अब अंतिम निर्णय भाजपा जिला अध्यक्ष को लेकर भाजपा संगठन को ही करना है।

००००००००००

Next Post

शीत लहर के आगोश में पहुंच रहा है समूचा जिला, बढ़ी ठिठुरन

Fri Jan 3 , 2025
० कोहरे के साथ हो रही सुबह, ग्रामीण क्षेत्रों में धुंध से वाहन चालकों को हो रही परेशानी नवभारत न्यूज सीधी 3 जनवरी। नव वर्ष के आगाज के साथ ही मौसम ने करवट बदल ली है। सुबह से घना कोहरा छाए रहने से जन जीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। […]

You May Like