
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में इंडिया गठबंधन की जीत को प्रदेश की राजनीति में परिवर्तन का संकेत बताते हुए दावा किया है कि यह जनादेश वर्ष 2028 के विधानसभा चुनावों में सत्ता परिवर्तन की मजबूत आधारशिला बनेगा।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन में सोमवार को आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष डॉ. मुकेश नायक ने कहा कि दतिया की जनता ने भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ अपना स्पष्ट मत दिया है। उन्होंने दतिया के मतदाताओं तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि किसानों, युवाओं और विद्यार्थियों ने मतदान के माध्यम से अपनी नाराजगी व्यक्त की है।
डॉ. नायक ने आरोप लगाया कि खेती की बढ़ती लागत, बेरोजगारी, भर्ती एवं परीक्षा संबंधी अनियमितताओं तथा शिक्षा व्यवस्था की कमजोरियों से जनता का सरकार पर भरोसा कम हुआ है। उन्होंने कहा कि महंगाई, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक राजनीति की जा रही है। उन्होंने अयोध्या मंदिर में प्राप्त दान और आभूषणों से जुड़े सवालों की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि दतिया का जनादेश केवल उपचुनाव की जीत नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश में 2028 में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने की मजबूत नींव है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय गठबंधन की एकजुटता और बूथ स्तर तक कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि जनता ने लोकतंत्र, संविधान और राजनीतिक परिवर्तन के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त किया है।
