भिंड में पदस्थ एएसआई ने शासकीय क्वार्टर में लगाया फंदा

​भिंड। जिले में पदस्थ एक सहायक उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह जादौन के अपने शासकीय क्वार्टर में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब एएसआई समय पर अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। साथी जवानों द्वारा उनके निवास पर जाकर खिड़की से देखने पर वह गमछे के फंदे से लटके मिले। इस दर्दनाक घटना के बाद से पुलिस महकमे में शोक और हड़कंप का माहौल है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

​समय पर ड्यूटी नहीं पहुंचने पर हुआ शक

​मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई देवेंद्र सिंह जादौन आयु 48 वर्ष रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी पर तैनात होने वाले थे। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वे ड्यूटी पॉइंट पर नहीं पहुंचे और न ही उनका कोई संपर्क हो पा रहा था, तब साथी जवानों को किसी अनहोनी का संदेह हुआ। ​इसके बाद जब पुलिस जवान उनके शासकीय आवास (क्वार्टर) पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद था। जवानों ने खिड़की के जरिए भीतर झांककर देखा तो एएसआई कमरे में गमछे से बने फंदे पर लटके हुए थे। यह दृश्य देखते ही जवानों के होश उड़ गए और तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया।

​वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे मौके पर, जांच शुरू

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई पूरी की। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पारिवारिक व मानसिक स्थिति सहित सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।

 

इनका कहना है…

एएसआई देवेंद्र सिंह जादौन के फांसी लगाने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।- प्रदीप पटेल, एएसपी भिंड

 

Next Post

जब विधायक बोले जनता के बीच कैसे जाएंगे

Mon Aug 3 , 2026
विंध्य की डायरी डा. रवि तिवारी   प्रदेश में अधिकारी बेलगाम हैं और जनता परेशान है. हालत यह है कि माननीय विधायकों की नहीं सुनी जाती तो आम जनता की भला कौन सुने. सिंगरौली में प्रभारी मंत्री संपतिया उईके बैठक ले रही थीं. भाजपा के ही विधायक रामनिवास शाह ने […]

You May Like