
जबलपुर। जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप जैन ने गुरूवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित गरिमामय समारोह में भाजपा नेताओं, संतों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों की बड़ी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान जेडीए के उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी ने भी पदभार ग्रहण किया।
पदभार ग्रहण के बाद जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन ने नवभारत से चर्चा के दौरान कहा कि जबलपुर की आवश्कता के अनुरूप, सुनियोजित और समयबद्ध विकास मेरी प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह पद और कुर्सी केवल जबलपुर के विकास के लिए है। उन्हें जो आशीर्वाद और विश्वास मिला है, उसके लिए वे सभी के प्रति कृतज्ञ हैं। उन्होंने संकल्प जताया कि जबलपुर के विकास की नई इबारत लिखते हुए मध्यप्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप योजनाओं का संचालन किया जाएगा।
पदभार ग्रहण समारोह संतों के सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पमालाओं और स्वागत अभिनंदन के साथ सम्मान किया गया। समारोह में उपस्थित लोगों ने जेडीए की नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए शहर के विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई।
ये रहे उपस्थित
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्य सभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकी, सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, नीरज सिंह, संतोष बरकड़े, जिप अध्यक्ष आशा गोंटिया, तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण अध्यक्ष विनोद गोंटिया, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
