
छतरपुर। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तालगांव के रहने वाले साहिल ने अपनी मेहनत और संघर्ष के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट टीम में हुआ है, जो अप्रैल माह में श्रीलंका दौरे पर भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
साहिल का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। वह अब तक बर्फ बेचकर अपना गुजारा करते थे, लेकिन क्रिकेट के प्रति उनके जुनून और लगातार मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचा दिया। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने खेल को निखारा और अब देश के लिए खेलने का अवसर प्राप्त किया है।
31 मार्च को छतरपुर में उन्होंने अपनी इस उपलब्धि की जानकारी दी। साहिल के चयन से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।
साहिल की यह सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का हौसला रखते हैं। अब सभी की निगाहें उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं, जब वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करेंगे।
