बरगवां : देवसर विधानसभा क्षेत्र के बरगवां में निर्माणाधीन रेलवे रोड ओवर ब्रिज आरओबी 105 का बुधवार को औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधि ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से कार्य की स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।आरओबी निर्माण के चलते बरगवां का प्रमुख मार्ग आवागमन के लिए बंद है। इससे स्थानीय व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। लंबे समय से मार्ग बंद रहने के कारण बाजार क्षेत्र में ग्राहकों की आवाजाही भी कम हुई है, जिससे सैकड़ों व्यापारियों के रोजगार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
वहीं रेलवे स्टेशन और बरगवां बाजार पहुंचने वाले यात्रियों एवं आम लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करने के साथ परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया गया, ताकि आवागमन बहाल होने के साथ व्यापारियों और आमजन को राहत मिल सके।
