दमोह: जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में हथनी के पास रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक अज्ञात बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार हथनी के पास अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार से बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक के शरीर के करीब दो से तीन टुकड़े हो गए। हादसे में युवक का मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तत्काल कंट्रोल रूम और चौकी जबलपुर नाका पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल और आरक्षक गौरव मौके पर पहुंचे और तत्काल थाना नोहटा को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। युवक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।पुलिस अज्ञात वाहन और मृतक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
