
मक्सी।मक्सी थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने, पीछा करने, धमकी देने एवं अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला ने शिकायत में बताया कि जुलाई माह के दौरान एक आरोपी उसके घर पहुंचा और उसके नाम से कथित वीडियो होने की बात कहकर उसे दिखाने का प्रयास किया। महिला द्वारा मना करने पर आरोपी ने कथित रूप से वीडियो गांव में वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि बाद में दो अन्य आरोपी भी कई बार उसके घर के आसपास पहुंचे तथा उसे परेशान करते हुए अशोभनीय इशारे करते रहे। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके नाम से एक अन्य महिला का वीडियो प्रसारित कर गांव में उसकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया।
महिला ने घटना की जानकारी अपने पति और परिजनों को दी। इसके बाद मामला थाने पहुंचा। शिकायत के आधार पर मक्सी थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79, 75(2), 78(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
