समूद अंडर ब्रिज बना जानलेवा: गड्ढे और जलभराव से परेशान राहगीर

सिंगरौली। पश्चिम मध्य रेल मंडल, जबलपुर अंतर्गत सिंगरौली-ब्योहारी रेल खंड के बीच स्थित समूद अंडर ब्रिज राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। हल्की बारिश में ही ब्रिज के नीचे पानी भर जाता है और सड़क पर बने गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरई से बंजारी और सरई से भुईमाड़ को जोड़ने वाले इस मुख्य मार्ग पर सुबह से शाम तक हजारों छोटी-बड़ी गाड़ियों का आवागमन होता है। ब्रिज के नीचे सड़क की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। साथ ही ब्रिज में अंधा मोड़ होने से वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहनों का अंदाजा नहीं लग पाता। गड्ढों से बचने के चक्कर में अक्सर आमने-सामने की टक्कर की नौबत आ जाती है।

बारिश के मौसम में स्थिति और भयावह हो जाती है। थोड़ी सी बारिश होते ही अंडर ब्रिज में घुटनों तक पानी भर जाता है। गड्ढे पानी में छिप जाने से दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहन चालकों के गिरने-पलटने का खतरा लगातार बना रहता है।

इस समस्या से परेशान क्षेत्र के लोगों और रोज इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों ने रेल प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश जताया है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद रेलवे द्वारा मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। अब राहगीरों ने सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा से मामले में हस्तक्षेप कर समस्या के तत्काल निदान की मांग की है।

Next Post

रीवा के बेला-नौवस्ता क्षेत्र में खनन गतिविधियों से ग्रामीणों में भय, कार्रवाई की मांग

Sat May 2 , 2026
रीवा। जिले के बेला, बैजनाथ और नौवस्ता क्षेत्र में संचालित खनन और स्टोन क्रेशर गतिविधियों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में दिन-रात खदानों में ब्लास्टिंग कर पत्थर निकाले जा रहे हैं, जिससे आसपास के गांवों पर […]

You May Like