![]()
इंदौर. श्रावण मास में निकलने वाली कावड़ यात्रा को लेकर ग्रामीण पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है. ओंकारेश्वर से इंदौर तक कावड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए खंडवा रोड पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. हादसों की रोकथाम के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है, वहीं पुलिस टीमें दिन रात गश्त कर कावड़ियों से संवाद कर रही हैं.
कावड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए खंडवा रोड पर भारी वाहनों के लिए डायवर्शन प्लान तैयार किया है. पुलिस बल को मार्ग पर तैनात किया गया है, जो यातायात संचालन के साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए भी तैयार रहेगा. इसी व्यवस्था का जायजा लेने ग्रामीण डीएसपी के साथ सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री कावड़ियों के रुकने वाले कैंपों में पहुंचे. अधिकारियों ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया. पुलिस की टीमें रात के समय विश्राम करने वाले कावड़ियों तक पहुंचकर उनकी जरूरतों की जानकारी ले रही हैं. यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, चिकित्सा और आपातकालीन सहायता को लेकर भी इंतजाम किए हैं. इसके अलावा लोगों को यातायात नियमों और सावधानी के प्रति जागरूक करने के लिए जगह जगह बैनर लगाए हैं.
पुलिस पूरी तरह तैयार है…
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. खंडवा रोड पर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है. कावड़ियों की सुविधा और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है.
डीएसपी ग्रामीण, उमाकांत चौधरी
