
डबरा। डबरा सिटी थाना क्षेत्र के डबरा गांव में रविवार देर रात प्रॉपर्टी विवाद को लेकर एक घर पर फायरिंग और पथराव का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक पर सवार दो युवक घर के बाहर पहुंचे और अवैध हथियार से कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस दौरान मकान के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
फरियादी हाकिम सेन के अनुसार घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे की है। उन्होंने बताया कि सुनील रावत और उसका एक साथी बाइक से उनके घर पहुंचे। दोनों के साथ मकान गिरवी रखने के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। आरोप है कि विवाद के चलते आरोपियों ने घर के बाहर फायरिंग की, पथराव किया और सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। घटना के दौरान आसपास मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया।
वीडियो लेकर थाने पहुंचा फरियादी
रविवार दोपहर हाकिम सेन घटना का वीडियो लेकर डबरा सिटी थाने पहुंचे और थाना प्रभारी संजय शर्मा को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर रवाना कर दी।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि डबरा गांव में फायरिंग की सूचना मिलने पर फरियादी का आवेदन लेकर जांच प्रारंभ कर दी गई है। घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा फायरिंग के कारणों और विवाद की पृष्ठभूमि की भी पड़ताल की जा रही है।
