फिर कुँए में जहरीली गैस एक की मौत एक गम्भीर

सतना:जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उरदना के टगरी टोला मोहल्ले में एक कुएं में उतरे दो लोगों में एक की मौत हो गई जबकि दूसरे का इलाज हो रहा है। संभावना जताई जा रही है कि कुएं के अंदर किसी गैस से प्रभावित होने के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ। हासिल जानकारी के मुताबिक कुआं ददोली सिंह के घर में है जिसमें टीन गिर गई थी। ददोली सिंह के भाई नीरेंद्र सिंह नीरु (30) टीन (लोहे की चद्दर) निकालने के लिए दिन में करीब 11 बजे कुएं में उतरे थे। बताते हैं कि वहीं नजदीक मौजूद उरदना गांव के मजदूर लालबहादुर उर्फ राजा कोल (42) ने कुएं के अंदर से आवाज सुनी और खुद भी कुएं में उतर गया।

दम घुटने पर उसने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोग आ गए। उन्होंने पानी के पाइप के माध्यम से राजा को आक्सीजन पहुंचाने का प्रयास किया। राजा ने हिम्मत कर कमर में तौलिया बांधा, लोगों ने जैसे तैसे उसे कुएं से बाहर निकाल लिया। मालूम हुआ है कि उसे सांस लेने में कठिनाई होती देख उचेहरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे जिला अस्पताल सतना के लिए रेफर कर दिया गया। दूसरी ओर घटना की जानकारी होने पर उचेहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची जिसने नीरू सिंह को कुएं से बाहर निकालने के लिए अथक प्रयास किया। बताते हैं कि अंततः पुलिस को मदद के लिए एसडीआरएफ की टीम बुलानी पड़ी। शाम करीब 6 बजे नीरू सिंह को कुएं से बाहर निकाला जा सका लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि अभी कुछ दिनों पहले ही मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरमसेड़ा में एक घटना ऐसी ही हुई थी जिसमें कुएं में उतरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई थी। घटनास्थल का निरीक्षण पुलिस के अलावा फॉरेंसिक एवं प्रदूषण विभाग के अधिकारियों द्वारा किया गया था। अनुमान जताया गया था कि  कुएं में किसी जहरीली गैस होने के कारण हादसा हुआ था। अब इस घटना को लेकर भी ऐसी ही आशंका जताई जा रही है। मामला जांच योग्य है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Next Post

काम मेरे, नेमप्लेट तुम्हारी!' विधायक छाया मोरे के रिपोर्ट कार्ड पर राम दांगोरे का पलटवार, गिनाए 6253 करोड़ के विकास कार्य

Sun Aug 2 , 2026
खंडवा: पंधाना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का श्रेय लेने को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शनिवार को अपने जन्मदिन से एक दिन पूर्व एक निजी होटल में वर्तमान विधायक छाया मोरे ने अपने ढाई साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इसके कुछ ही समय बाद […]

You May Like