सिंगरौली : एनसीएल की होल्डिंग कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड सीआईएल ने अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए पेंशन प्रशासन, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, शिकायत निवारण तथा सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अनेक महत्वपूर्ण सुधार लागू किए हैं।इन पहलों से 4.5 लाख से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों के जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। यह राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा में योगदान देने वाले अपने पूर्व कर्मचारियों के कल्याण के प्रति कंपनी की दृढ़ प्रतिबद्धता को भी पुन: रेखांकित करता है। एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा पहल के तहत कोल माइंस पेंशन योजना के अंतर्गत न्यूनतम मासिक पेंशन को 8 मार्च 2024 से बढ़ाकर 1 हजार कर दिया गया है, जिससे लगभग 40 हजार पेंशनभोगियों को लाभ मिला है।
भविष्य निधि एवं पेंशन वितरण में 3,415.1 करोड़ की वृद्धि
एनसीएल का दावा है कि इन पहलों के व्यापक प्रभाव को दर्शाते हुए वित्त वर्ष 2025-26 में भविष्य निधि का वितरण 19.5 प्रतिशत बढ़कर 13,608.8 करोड़ हो गया जो पिछले वित्त वर्ष के 11,391.6 करोड़ की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि है। इसी अवधि में पेंशन वितरण 22.9 प्रतिशत बढ़कर 6,427 करोड़ हो गया, जबकि पिछले वर्ष यह 5,229.1 करोड़ था। इस प्रकार वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान भविष्य निधि एवं पेंशन वितरण में कुल 3,415.1 करोड़ की वृद्धि दर्ज की गई। यह अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वित्तीय सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं तथा संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराने के प्रति सीआईएल की सतत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कंपनी अपने सूचीबद्ध अवकाश गृहों की सुविधाएं भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उपलब्ध कराती है, जिससे उनके समग्र कल्याण एवं सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा मिलता है।
