नयी दिल्ली, 09 नवंबर (वार्ता) भारतीय दवा कंपनी मोरपेन लेबोरेटरीज ने मौसमी और मियादी एलर्जी की अपनी जेनेरिक दवा डेस्लोराटाडीन को पांच मिलीग्राम की टैबलेट्स के रूप में अमेरिकी औषधि बाजार में ले जाने की मंगलवार को घोषणा की। यह वहां बिकने वाली कंपनी की पहली जेनेरिक ( सामान्य) श्रेणी की प्रिस्क्रिप्शन दवा है। कंपनी की एक विज्ञप्ति के अनुसार यह दवा 100 और 500 टैबलेट वाले पैक में उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल को कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली अमेरिकी इकाई मोरपेन बायो इंक. के माध्यम से परिचालित किया जा रहा है। डेस्लोराटाडीन का उपयोग दिन में मौसमी और मियादी एलर्जी वाले राइनाइटिस (वायुमंडल के कुछ कणों के चलते नाक के संक्रमण) के उपचार में किया जाता है।
विज्ञप्ति में अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र के हवाले से कहा गया है कि 2024 में अमेरिका के 25.2 प्रतिशत वयस्कों में मौसमी एलर्जी का निदान किया गया था। अमेरिका में एलर्जिक राइनाइटिस का व्यापक बाजार वर्ष 2025 में लगभग 5.65 अरब अमेरिकी डॉलर का था और वर्ष 2033 तक इसके सालाना लगभग 4.2 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है। मोरपेन कई वर्षों से अमेरिकी ग्राहकों को डेस्लोराटाडीन का सक्रिय औषधीय घटक (एपीआई) उपलब्ध करा रही है। इस नई लॉन्चिंग के माध्यम से कंपनी ने एपीआई की आपूर्ति से आगे बढ़ते हुए तैयार दवाओं के वितरण के क्षेत्र में भी कदम रखा है। इससे कंपनी की मूल्यवर्धन क्षमता में वृद्धि होगी।
मोरपेन लेबोरेटरीज लि के प्रबंध निदेशक संजय सूरी ने कहा: “विनियमित बाजारों में एपीआई की आपूर्ति के क्षेत्र में हमारे लंबे समय से चले आ रहे व्यावसायिक संबंध मोरपेन के विकास के अगले चरण के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करते हैं।अपने अनुबंध विकास एवं विनिर्माण संगठन (सीडीएमओ) के फैल रहे कारोबार के साथ-साथ हम चुनिंदा रूप से तैयार दवाओं के विकास और अमेरिकी बाजार में वितरण के क्षेत्र में भी अपनी क्षमताओं का विस्तार कर रहे हैं। यह हमारी ऐसी एकीकृत और अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) आधारित फार्मास्युटिकल कंपनी बनाने की रणनीति को दर्शाता है, जिसमें सतत और दीर्घकालिक विकास के अवसर उपलब्ध हों।”

