भोपाल, 03 जून (वार्ता) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज अपने एकदिवसीय भोपाल प्रवास के दौरान कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के लिए नियुक्त किए गए पर्यवेक्षकों और प्रभारियों को संबोधित किया।
श्री गांधी ने यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में इन पर्यवेक्षकों से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन किया। श्री गांधी ने उन्हें कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपने विचारों से अवगत कराया।
पार्टी के इस अभियान की आज श्री गांधी ने मध्यप्रदेश में शुरुआत की है। पार्टी का दावा है कि इस अभियान के माध्यम से हर ब्लॉक, हर जिले तक कांग्रेस की विचारधारा फिर से जन-जन तक पहुंचेगी।
इस अभियान के लिए कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने राज्य के हर जिले के लिए एक पर्यवेक्षक की नियुक्ति की है। ये पर्यवेक्षक संबंधित जिलों में समय बिताएंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके तहत लगभग 61 पर्यवेक्षक तीन महीने तक पूरे मध्यप्रदेश में रहेंगे और गांव गांव तक कार्यकर्ताओं की बैठकें लेंगे।
कांग्रेस इसके पहले गुजरात में ऐसा अभियान चला चुकी है।

