निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय में गार्ड रूम गिरा, कारणों को लेकर अलग-अलग दावे

मैहर:राज्य में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से लैस सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं. इसी योजना के तहत मैहर में बन रहे सांदीपनि विद्यालय परिसर में बुधवार शाम निर्माणाधीन गार्ड रूम का ढांचा अचानक ढह गया . घटना के बाद स्थानीय लोग निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल कर रहे हैं . वहीं घटना के कारणों पर स्थानीय लोगों और संबंधित विभाग के दावे अलग-अलग सामने आए हैं.

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई. स्थानीय लोगों का कहना है कि उस समय क्षेत्र में तेज हवा और आंधी चली थी. इसी दौरान निर्माणाधीन गार्ड रूम का ढांचा ढह गया. राहत की बात यह रही कि जिस समय यह घटना हुई उस दौरान वहां कोई श्रमिक या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था .

इस संदर्भ में जब परियोजना क्रियान्वयन इकाई (पीआईयू) की अधिकारी मंदाकिनी गुप्ता से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी मशीन का अगला हिस्सा गार्ड रूम के एक पिलर से टकरा गया था, जिससे पिलर क्षतिग्रस्त हो गया उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को देखते हुए संबंधित ढांचे को गिराने का निर्णय लिया गया.

गौरतलब है कि सांदीपनि विद्यालय प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी शिक्षा परियोजना का हिस्सा हैं. इन विद्यालयों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, स्मार्ट कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं और बेहतर अधोसंरचना के साथ विकसित किया जा रहा है. मैहर में भी इसी योजना के तहत विद्यालय भवन का निर्माण कार्य जारी है.

फिलहाल गार्ड रूम के ढहने की वजह को लेकर स्थानीय लोगों और विभागीय अधिकारियों के दावे अलग-अलग हैं. ऐसे में निर्माण कार्य से जुड़े इस मामले ने चर्चा जरूर छेड़ दी है कि प्रदेश की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन किस स्तर पर किया जा रहा है.

Next Post

अक्षय कुमार-सुनील शेट्टी का हाथ थामे नजर आईं Raveena Tandon, 90 के दशक की तिकड़ी ने फिर जगाईं पुरानी यादें

Thu Jun 11 , 2026
रवीना टंडन ने ‘वेलकम टू द जंगल’ के सेट से अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी के साथ खास तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों ने 1994 की सुपरहिट फिल्म ‘मोहरा’ की यादें ताजा कर दीं। बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में शुमार रवीना टंडन और अक्षय कुमार एक बार […]

You May Like