विजयनगरम, 01 अगस्त (वार्ता) आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और प्रसिद्ध तेलुगू अभिनेता के. पवन कल्याण ने शनिवार को कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्दों के इस्तेमाल पर उन्हें बहुत दुख हुआ।
श्री पवन कल्याण ने प्रधानमंत्री की मौजूदगी में एएसआर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा के उद्घाटन के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि श्री मोदी पर हुए हमलों से वह भावुक हो गये।
श्री पवन कल्याण ने कहा, “जिन माता-पिता के बच्चे 25 साल से कम उम्र के हैं, उनकी यह जिम्मेदारी है कि वे उन्हें नैतिकता और परंपराएं सिखाएं और सही तरीके से उनकी परवरिश करें, ताकि बच्चे देश के योग्य नागरिक बन सकें।”
उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की सराहना की कि उन्होंने उन लोगों को माफ कर दिया जिन्होंने उन्हें अपशब्द कहे। श्री पवन कल्याण ने जोर देकर कहा कि देश को तरक्की की राह पर ले जाना एक बहुत बड़ा काम है और श्री नरेंद्र मोदी कई बाधाओं को पार करते हुए इसे कुशलता से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी 144 करोड़ से अधिक की आबादी वाले देश का नेतृत्व कर रहे हैं।
