सीहोर। सीवन नदी घाट से कुबेरेश्वर धाम तक आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर कलेक्टर बालागुरू के तथा एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
कलेक्टर बालागुरू के ने कहा कि कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करें. उन्होंने नपा को यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने एवं कचरा के निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. यदि कोई व्यक्ति डीजे लाया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
कलेक्टर ने सीवन नदी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी श्रद्धालु को नदी में उतरने की अनुमति न दी जाए. घाट पर सुरक्षा दल एवं बोट की तैनाती के साथ सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जाएं. इसके साथ ही जिला प्रशासन व पुलिस के जवानों की पर्याप्त संख्या में ड्यूटी लगाई जाए.
उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जाम की समस्या उत्पन्न न हो. धाम पर पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन किया जाए, अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए जाएं तथा वाहनों की सुव्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित की जाए. हाईवे एवं मुख्य मार्गों पर डायवर्जन प्लान लागू करने, पर्याप्त संकेतक एवं सूचना बोर्ड लगाने तथा अनाउंसमेंट सिस्टम लगातार संचालित रखने के निर्देश भी दिए गए. साथ ही आपातकालीन व्यवस्थाएं उपलब्ध रखने के लिए कहा गया. बैठक में बताया गया कि आगामी 24 व 25 अगस्त को भारी वाहनों को डायवर्ट मार्गों से निकाला जाएगा. इसके अलावा धाम पर शिला के समीप चारों तरफ 15 फिट दूरी पर जलहरी बनाई जाएगी ताकि कावडि़ए शिला तक नहीं जा सकें. इसी तरह श्रद्धालुओं की एंट्री भी गेट एक एवं दो से ही रहेगी ताकि अव्यवस्था न फैले. बैठक में श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल, स्वच्छता, प्रवेश एवं निकास द्वार, कंट्रोल रूम तथा चिकित्सा सुविधाओं की भी समीक्षा की गई. बैठक में एडीएम बृजेश सक्सेना, एएसपी डॉ प्रशांत चौबे, सीएसपी डॉ अभिनंदना शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
