छत्तीसगढ़ में मलेरिया से मौतों पर राज्य सरकार को नोटिस भेजा मानवाधिकार आयोग ने

नयी दिल्ली, 31 जुलाई (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग भारत ने छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 13 दिनों के भीतर मलेरिया से 5 लोगों की मौत की मीडिया में आयी खबर का स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार को नोटिस भेज कर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

आयोग ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि मीडिया की रपटों में 28 जुलाई को एक 11 वर्षीय बालक की मौत की भी खबर है। विज्ञप्ति के अनुसार मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रारंभ में एक निजी प्रयोगशाला में बच्चे की मलेरिया जांच रिपोर्ट नेगेटिव (नकारात्मक) आई थी। लेकिन जब उसकी तबीयत अधिक बिगड़ गई, तो उसे अलबेलापारा स्थित अस्पताल ले जाया गया। दुर्भाग्यवश, जब तक उसकी रक्त जांच रिपोर्ट में मलेरिया की पुष्टि हुई, तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

आयोग ने कहा है कि यदि मीडिया रिपोर्ट में प्रकाशित तथ्य सही हैं, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है। इसलिए आयोग ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को नोटिस जारी करते हुए दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

31 जुलाई को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के बाद राज्य स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर जाकर मलेरिया जांच (डोर-टू-डोर स्क्रीनिंग) तथा जनजागरूकता अभियान शुरू कर दिया है।

 

Next Post

इंदौर का वीर बेटा मेजर हमजा आरिफ का जैसलमेर में हुआ बलिदान

Fri Jul 31 , 2026
इंदौर. देश की रक्षा में तैनात इंदौर के वीर सपूत मेजर हमजा आरिफ जैसलमेर में हुए सड़क हादसे में बलिदान हो गए. ड्यूटी पूरी कर लौटते समय सेना के वाहन की ऊंट से टक्कर हो गई. हादसे में मेजर हमजा ने देश सेवा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, […]

You May Like