
इंदौर. देश की रक्षा में तैनात इंदौर के वीर सपूत मेजर हमजा आरिफ जैसलमेर में हुए सड़क हादसे में बलिदान हो गए. ड्यूटी पूरी कर लौटते समय सेना के वाहन की ऊंट से टक्कर हो गई. हादसे में मेजर हमजा ने देश सेवा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, जबकि दो अन्य जवान घायल हुए हैं.
राजेंद्र नगर में रहने वाले 31 वर्षीय मेजर हमजा आरिफ करीब नौ वर्षों से भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे. गुरुवार रात जैसलमेर क्षेत्र में सैन्य वाहन से लौटते समय यह हादसा हुआ. वाहन के पलटने से मेजर हमजा गंभीर रूप से घायल हुए और उनका निधन हो गया. इंदौर में जैसे ही उनके बलिदान की खबर पहुंची, राजेंद्र नगर क्षेत्र में शोक छा गया. जिस परिवार ने अपने बेटे को देश की सेवा के लिए समर्पित किया था, वहां अब मातम का माहौल है. परिवार के अनुसार, मेजर हमजा का विवाह करीब एक माह पहले ही हुआ था. उनके परिवार में माता पिता और तीन बहनें हैं, पिता आरआर कैट से सेवानिवृत्त हैं.
मेजर हमजा का पार्थिव शरीर शनिवार दोपहर तक इंदौर पहुंचने की संभावना है. इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी. उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासियों के शामिल होने की संभावना है. मेजर हमजा के बलिदान की जानकारी मिलने के बाद अनेक जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उनके निवास पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी.
