आंकड़ों की सत्यापित प्रविष्टि पर जोर, पूरक पोषण आहार के वास्तविक उपयोग के दिए निर्देश

भिण्ड। कलेक्टर ने नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत गोहद विकासखंड की तिमाही समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग चैंपियंस ऑफ चेंज पोर्टल पर समय पर सत्यापित आंकड़ों की प्रविष्टि सुनिश्चित करें और डेटा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के वास्तविक परिणाम तभी सामने आएंगे, जब उनका प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई देगा।

कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित फील्ड भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का पता लगाने और उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के दौरान वरिष्ठ अधिकारी स्वयं क्षेत्र में जाकर हितग्राहियों से संवाद करेंगे। यदि किसी पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता पाया गया तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पूरक पोषण आहार की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि केवल वितरण पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाए कि गर्भवती महिलाएं और कुपोषित बच्चे इसका नियमित उपयोग करें, जिससे उनके स्वास्थ्य में वास्तविक सुधार हो। कम वजन वाले नवजात शिशुओं की संख्या कम करने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम और स्वास्थ्य अधिकारियों को परिवारों से संपर्क कर कारणों की पहचान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लड्डू, आंवला, मोरिंगा, दलिया और सत्तू जैसे पारंपरिक पौष्टिक खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

कलेक्टर ने सभी प्रसव संस्थागत कराने, निजी अस्पतालों के प्रसव संबंधी आंकड़े एकत्रित करने और एएनएम को एएनसी सेवाओं के लिए बेहतर प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंघवारी आंगनवाड़ी की तर्ज पर गोहद की सभी आंगनवाड़ियों को आदर्श केंद्र के रूप में विकसित करने तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों की मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्यों के प्रस्ताव सात दिनों के भीतर जिला पंचायत को भेजने को कहा।

 

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अपूर्ण आवासों को 30 दिन में पूरा कराने, बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत विद्यार्थियों के 60 प्रतिशत से अधिक अंक सुनिश्चित करने, एफपीओ और कस्टम हायरिंग सेंटर की संख्या बढ़ाने, किसानों को उन्नत एवं विविध फसलों के लिए प्रोत्साहित करने तथा पशु टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान अभियान में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

 

समीक्षा के दौरान बताया गया कि गोहद विकासखंड ने ऑल इंडिया डेल्टा रैंकिंग में 27 स्थानों की छलांग लगाते हुए मार्च 2026 तिमाही में 136वां स्थान हासिल किया है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ, सीएमएचओ, एसडीएम गोहद, सीएमओ, जनपद सीईओ तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

विहिप ने बिरला से की संत के भेष में संसद भवन परिसर में प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

Fri Jul 31 , 2026
नयी दिल्ली 31 जुलाई (वार्ता) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने संसद भवन परिसर में विपक्षी सांसदों की ओर से संत वेश धारण कर किए गये प्रदर्शन को सनातन धर्म, साधु-संतों और संपूर्ण हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं का अपमान बताया है और लोकसभा अध्यक्ष ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की […]

You May Like