कल्टस एड्यूकेशन, अमेजन वेब सर्विसेज ने शुरू किया क्लाउड एआई कौशल विकास कार्यक्रम

नयी दिल्ली, 23 अगस्त (वार्ता) छोटे मझोले शहरों के लोगों , विशेष रूप से युवा वर्ग को नये दौर के हुनर के साथ रोजगार बाजार के लिए सशक्त करने के उद्येश्य से कल्टस एड्यूकेशन ने अमेजन वेब सर्विसेज के साथ मिल कर पूरे देश में क्लाउड व कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र के कौशल सीखने का अवसर देने की पहल शुरू की है।

यह कार्यक्रम कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) की एजेंसी राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के मार्गदर्शन में शुरू किया जा रहा है। मंत्रालय की रविवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस पहल के तहत 1,50,000 शिक्षार्थियों को अमेजन वेब के डिजिटल प्रशिक्षण कंटेंट के माध्यम से एआई और क्लाउड की बुनियादी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, 10,000 प्रतिभागियों को अमेजन वेब सर्विसेज री/स्टार्ट कार्यक्रम के माध्यम से गहन, रोजगार-केंद्रित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

अमेजन का यह एक निःशुल्क, बैच-आधारित कौशल विकास कार्यक्रम है, जो प्रतिभागियों को क्लाउड कंप्यूटिंग कौशल विकसित करने में मदद करता है और उन्हें स्थानीय नियोक्ताओं के साथ रोजगार के अवसरों से जोड़ता है। कार्यक्रम पूरा करने वाले प्रतिभागियों को योग्य जॉब इंटरव्यू के अवसर भी मिलेंगे।

यह पहल टियर-2 और टियर-3 (छोटे मझोले) शहरों के युवाओं के सामने आने वाली चुनौतियों को दूर करने का लक्ष्य रखते हुए तैयार की गयी है क्यों कि इन जगहों के युवाओं के पास विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त तकनीकी प्रशिक्षण की सुविधाओं तक पहुंचने के मौके सीमित होते हैं। इससे वे कंपनियों में नियोक्ताओं से कम संपर्क और क्लाउड तथा एआई से जुड़ी नौकरियों के लिए आवश्यक प्रमाण-पत्र हासिल नहीं कर पाते।

एनएसडीसी के चुने हुए डिलीवरी पार्टनर कल्टस के माध्यम से यह पहल शत-प्रतिशत ऑनलाइन संचालित की जाएगी और देश के सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में लागू होगी। इसमें विशेष रूप से वंचित समुदायों के युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम का समापन एक राष्ट्रीय हैकाथॉन के साथ होगा।

इस कार्यक्रम के बारे में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने कहा, ” “यह पहल ‘विकसित भारत’ के उस दृष्टिकोण को दर्शाती है, जिसमें अवसर तक पहुंच व्यक्ति के शहर या नगर की दूरी या पृष्ठभूमि से निर्धारित नहीं होती। जैसे-जैसे भारत नवाचार, प्रौद्योगिकी और प्रतिभा का वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, यह आवश्यक है कि टियर-2 और टियर-3 शहरों के हमारे युवाओं को भी भविष्य की नौकरियों के लिए आवश्यक कौशल हासिल करने का अवसर मिले।”

अमेजन वेब सर्विसेज की रानी बर्चमोर ने कहा, ” हमें एनएसडीसी और कल्टस एड्यूकेशन के साथ मिलकर भविष्य के लिए एक विविध और मजबूत क्लाउड कार्यबल तैयार करने पर गर्व है, जिससे संगठन अमेजन वेब सिर्वसेज क्लाउड के माध्यम से अपने नवाचार को तेज कर सकेंगे।”

कल्टस के के ग्रुप मैनेजिंग डायरेक्टर, नलिन सिंह ने कहा, ‘ हमारा ध्यान यह सुनिश्चित करने पर है कि महानगरों से बाहर रहने वाले युवाओं को भी वैश्विक स्तर पर प्रासंगिक क्लाउड और एआई कौशल आसानी से उपलब्ध हों तथा सीखने और प्रशिक्षण से लेकर प्रमाणन और नियोक्ताओं से जुड़ने तक की पूरी प्रक्रिया रोजगार-केंद्रित हो।”

इस कार्यक्रम में कौशल सीखने की यात्रा का समापन एक राष्ट्रीय हैकाथॉन के साथ होगा, जिसमें प्रतिभागियों को अपने क्लाउड और एआई आधारित समाधानों को हायरिंग मैनेजरों, उद्योग जगत के नेताओं और अन्य प्रमुख हितधारकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर एनएसडीसी के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ), प्रशांत सिन्हा भी उपस्थित थे।

 

Next Post

फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार कर व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजने वाला आरोपी गिरफ्तार

Sun Aug 23 , 2026
आलीराजपुर, पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर रघुवंश सिंह द्वारा प्रेसवार्ता के दौरान बताया गया कि दिनांक 22.08.2026 को फरियादी डॉ. राजेश अतुलकर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला आलीराजपुर द्वारा थाना कोतवाली में एक लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया। फरियादी द्वारा बताया गया कि दिनांक 21.07.2026 को उनके निजी मोबाइल नंबर पर […]

You May Like