विहिप ने बिरला से की संत के भेष में संसद भवन परिसर में प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

नयी दिल्ली 31 जुलाई (वार्ता) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने संसद भवन परिसर में विपक्षी सांसदों की ओर से संत वेश धारण कर किए गये प्रदर्शन को सनातन धर्म, साधु-संतों और संपूर्ण हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं का अपमान बताया है और लोकसभा अध्यक्ष ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

विहिप के अंतरराष्ट्रीय संयुक्त महासचिव डॉ सुरेंद्र जैन ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के अन्य सांसदों द्वारा संत वेश में किया गया प्रदर्शन एक बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रावण ने छल-कपट के लिए संत का छद्म वेश धारण किया था, उसी प्रकार ये नेता धार्मिक प्रतीकों का दुरुपयोग कर हिंदू आस्था पर चोट करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का हिंदू विरोधी रवैया नया नहीं है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण में रोड़े अटकाने से लेकर अब तक ये लगातार सनातनी आस्थाओं को निशाना बनाते रहे हैं। भव्य राम मंदिर बनने के बाद से उपजी बौखलाहट में यह सब किया जा रहा है। हिंदू समाज धैर्यवान और सहिष्णु है, लेकिन उसे अपनी भाषाई व संवैधानिक मर्यादाओं के दायरे से बाहर जाने पर मजबूर न किया जाए।

डॉ जैन ने कहा कि यदि इन नेताओं में साहस है, तो वे किसी अन्य धर्म के धर्मगुरुओं या मौलवियों का वेश धारण कर उनके प्रतीकों का मजाक उड़ाकर दिखाएं। ऐसा करते ही सड़कों पर उग्र प्रदर्शन होने लगेंगे और उनका बाहर निकलना कठिन हो जाएगा।

विश्व हिंदू परिषद ने श्री बिरला से प्रदर्शनकारी सांसदों के खिलाफ कठोरतम अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही इस अमर्यादित कृत्य और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के विरुद्ध विश्व हिंदू परिषद स्वयं भी कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार के कृत्यों पर तुरंत अंकुश नहीं लगाया गया, तो देश के साधु-संतों और संपूर्ण हिंदू समाज का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिल सकता है।

 

 

Next Post

मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 390 किलो घी जब्त

Fri Jul 31 , 2026
भिण्ड। जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को कई प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई की। गौरी रोड स्थित विनोद डेयरी पर घी में मिलावट की आशंका पर दो नमूने लेकर करीब 390 किलोग्राम घी […]

You May Like