बाड़ी: क्षेत्र के थाना बाड़ी अंतर्गत एक दर्दनाक हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार नर्मदा कहार (पुत्र छुट्टन कहार), निवासी वार्ड क्रमांक 01, अपने खेत में गेहूं की मड़ाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वे थ्रेसर मशीन की चपेट में आ गए।बताया जा रहा है कि गेहूं निकालते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वे थ्रेसर के अंदर खिंचते चले गए। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों को कृषि यंत्रों के सुरक्षित उपयोग को लेकर जागरूक किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
