
सीधी । ग्राम पंचायत अमरपुर में प्रभारी सचिव की मनमानी से प्रभावित जनहित के कार्यों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे सरपंच ने अधिकारियों के आश्वासन पर अनशन तोड़ा। सरपंच का अनशन प्रभारी सचिव के हटने के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ।
जनपद पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम पंचायत अमरपुर के सरपंच बीरेन्द्र त्रिपाठी द्वारा जिला पंचायत सीधी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को 20 जुलाई 2026 को लिखित में आमरण अनशन करने की सूचना दी गई थी। सूचना में कहा गया था कि यदि ग्राम पंचायत अमरपुर के सचिव नीरज मिश्रा को नहीं हटाया गया तो सातवें दिन से आमरण अनशन पर मैं बैठूंगा। निर्धारित समयसीमा में सचिव को न हटाये जाने पर 27 जुलाई से सरपंच बीरेन्द्र त्रिपाठी द्वारा ग्राम पंचायत भवन के सामने आमरण अनशन शुरू कर दिया गया। आमरण अनशन में ग्रामीणजनों का भी सहयोग रहा। सरपंच बीरेन्द्र त्रिपाठी का कहना है कि करीब 7 वर्षों से अमरपुर पंचायत में पदस्थ सचिव नीरज मिश्रा की कार्यप्रणाली बेहद निराशाजनक है। इनको हटाये जाने हेतु ग्राम पंचायत सरपंच द्वारा कई बार आवेदन दिया गया पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। सचिव न तो पंचायत के कार्यों में कोई रूचि रखते हैं न हितग्राहीमूलक कार्यों में। लिहाजा लोग काफी परेशान हैं। सचिव की मनमानी के चलते ग्राम पंचायत अमरपुर का विकास कार्य बाधित हो चुका है। सरपंच के आमरण अनशन को समाप्त कराने के लिये तीसरे दिन तहसीलदार सहित जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद जन समुदाय के समक्ष सरपंच की मांगों को मानते हुये नये सचिव को पदस्थ करने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद सरपंच का आमरण अनशन समाप्त हुआ।
००
इनका कहना है
ग्राम पंचायत अमरपुर में सचिव की मनमानी से प्रभावित जनहित के कार्यों को लेकर प्रशासन को लिखित सूचना देकर 27 जुलाई से पंचायत भवन के सामने आमरण अनशन शुरु किया गया था। अनशन के तीसरे दिन कल तहसीलदार सहित जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के अधिकारी आये उपस्थित जनसमुदाय के समक्ष मेरी मांगों को मानते हुए सचिव को हटाने के साथ नये सचिव को पदस्थ करने का आश्वासन दिया गया। जिसके बाद मेरे द्वारा अनशन समाप्त कर दिया गया।
बीरेन्द्र त्रिपाठी, सरपंच ग्राम पंचायत अमरपुर
००००००
जनपद पंचायत के पुराने सीईओ द्वारा अमरपुर पंचायत पर अपना प्रतिवेदन जिला पंचायत को पूर्व में ही भेजा गया था। वह अभी पदभार ग्रहण किये हैं, इस वजह से ज्यादा जानकारी संज्ञान में नही है। आगे की कार्रवाई जिला पंचायत से होनी है।
हरीश केशरवानी, सीईओ जनपद पंचायत रामपुर नैकिन
०००००००००००
