अहमदाबाद 29 मार्च (वार्ता) साई सुदर्शन (63),शुभमन गिल (38) और जोस बटलर (39) की टिकाऊ पारियों की मदद से गुजरात टाइटंस (जीटी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एक मुकाबले में शनिवार को आठ विकेट पर 196 रन बनाये।
कप्तान गिल के साथ साई सुदर्शन ने पारी की शानदार शुरुआत करते हुये पहले विकेट के लिये 8.3 ओवर में 78 रन जोड़ लिये थे। इस बीच गिल रन गति बढ़ाने के चक्कर में हार्दिक पांड्या की गेंद को पुल करने के प्रयास में डीप बैकवर्ड स्काव्यर लेग पर खड़े नमन धीर को कैच थमा बैठे। नये बल्लेबाज जॉस बटलर ने सुदर्शन का भरपूर साथ देते हुये धुआंधार बल्लेबाजी की मगर वह भी मुजीब उर रहमान की फिरकी पर फंस कर अपना विकेट गंवा बैठे। अपनी संक्षिप्त पारी में उन्होने पांच चौके और एक छक्का लगाया।
शाहरुख खान नौ रन के निजी स्कोर पर पांड्या का दूसरा शिकार बने। उधर अपना अर्धशतक पूरा कर चुके सुदर्शन 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर ट्रेंट बोल्ड के हाथों पगबाधा करार दिये गये। राहुल तेवतिया रन चुराने के चक्कर में पहली ही गेंद पर रन आउट करार दिये गये। शेरफन रदरफोर्ड (18) ने दो आसमानी छक्के लगा कर दर्शकों का मनोरंजन किया।
अंतिम ओवरों में रन गति बढ़ाने के प्रयास में जीटी के तीन बल्लेबाज अपना विकेट गंवा बैठे और मुबंई के गेंदबाजों ने गुजरात को 196 रन पर सीमित कर दिया।
