मुंबई, 30 जुलाई (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में प्रमुख सूचकांकों में उतार-चढ़ाव है जबकि वृहत बाजार पर बिकवाली का दबाव है। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 50.67 अंक गिरकर 77,638.66 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 62.26 अंक (0.08 प्रतिशत) की बढ़त में 77,716.86 अंक पर था। इस बीच यह नीचे 77,440.91 अंक तक और ऊपर 77,737.22 अंक तक गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 24,249.55 अंक पर लगभग सपाट खुला। खबर लिखे जाते समय यह 22.80 अंक यानी 0.09 प्रतिशत ऊपर 24,273 अंक पर रहा। वृहत बाजार में फिलहाल बिकवाली का जोर है। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.17 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.18 प्रतिशत उतर चुका है। आईटी और ऑटो समूहों में तेजी रही। निफ्टी आईटी 1.76 फीसदी और ऑटो 1.19 फीसदी की बढ़त में हैं। तेल एवं गैस, स्वास्थ्य और फार्मा सेक्टरों में भी लिवाली चल रही है। बैंकिंग, वित्त, रियल्टी और रसायन समूहों के सूचकांक अभी लाल निशान में हैं।
सेंसेक्स की कंपनियों में अडानी पोर्ट्स का शेयर ढाई प्रतिशत, एशियन पेंट्स का डेढ़ प्रतिशत और बीईएल तथा इटरनल का एक-एक प्रतिशत की गिरावट में है। एक्सिस बैंक, इंडिगो और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी दबाव में हैं। इंफोसिस का शेयर करीब ढाई प्रतिशत ऊपर चल रहा है। टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टीसीएस और महिंद्रा एंड महिंद्रा में एक से दो प्रतिशत की तेजी है।

