भोपाल। गुरु पूर्णिमा एवं महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व के अवसर पर टी.टी. नगर स्थित कमला नेहरू सांदीपनि कन्या शासकीय विद्यालय में जिला स्तरीय गुरु सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वार्ड-32 के पार्षद राजू अनेजा रहे। इस अवसर पर लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक डी.एस. कुशवाहा, संयुक्त संचालक धर्मेंद्र शर्मा, उप संचालक कनक प्रसाद, जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य, जिला परियोजना समन्वयक सिद्धार्थ जैन तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजेता सूर्यवंशी सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत अथवा 90 प्रतिशत से अधिक परीक्षा परिणाम देने वाले 20 विद्यालयों के प्राचार्यों को सम्मानित किया गया। साथ ही जिन शिक्षकों के विषयों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, उन्हें भी सम्मान प्रदान किया गया।
वक्ताओं ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए महर्षि सांदीपनि को आदर्श गुरु बताया, जिन्होंने ज्ञान, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता की परंपरा को और सुदृढ़ करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
