फाइलों में नही,जमीन पर दिखे काम: शीलेन्द्र

सिंगरौली । रीवा संभाग के नवागत कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा में लंबित प्रकरणों के निराकरण और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया। बैठक की शुरुआत में कलेक्टर गौरव बैनल ने पुष्पगुच्छ भेंटकर नवागत कमिश्नर का स्वागत किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम आवास प्लस, पीएम जनमन एवं धरती आबा योजना के तहत निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक हर हाल में 60 प्रतिशत आवास पूर्ण कराए जाएं तथा जनपद पंचायतों के सीईओ नियमित रूप से गांवों का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की निगरानी करें। जल गंगा संवर्धन अभियान के लंबित कार्य माह के अंत तक पूरे करने तथा एक पेड़ मां के नाम और एक बगिया मां के नाम अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के भी निर्देशित किया।

स्कूलों के आसपास ड्रग फ्री जोन बनाएं

कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने सभी शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर दायरे को ड्रग फ्री जोन बनाने, नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई करने, साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा 1930 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने परिवहन एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने को भी कहा। राजस्व विभाग की समीक्षा में सीमांकन, नामांतरण और बंटवारे के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने, सभी मामलों को आरसीएम पोर्टल पर दर्ज कर सुनवाई करने तथा एसडीएम स्तर पर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने 15 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत जांच सुनिश्चित करने, हाई रिस्क गर्भवतियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा कुपोषित बच्चों को तत्काल एनआरसी में भर्ती कराने के निर्देश दिए।

शिक्षको की नियमित उपस्थित सुनिश्चित करें

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा में कमिश्नर ने सभी विद्यालयों और पंचायत भवनों के शौचालयों एवं पानी की टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग तथा विद्यालयों के मध्यान्ह भोजन में समूहों द्वारा निर्मित मसालों के उपयोग पर जोर दिया। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन, समय पर पुस्तक एवं साइकिल वितरण तथा शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। ऊर्जा विभाग को खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदलने और किसानों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसपी सियाज केएम, सीईओ जिला पंचायत जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Next Post

सेफ क्लिक 2.0 अभियान में 70 गुम मोबाइल लौटाए गए

Fri Jul 3 , 2026
सिंगरौली । सिंगरौली पुलिस के सेफ क्लिक 2.0 जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को रुस्तमजी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एसपी सियाज केएम ने एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा एवं पत्रकारों की मौजूदगी में गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। इस दौरान करीब 14 लाख रुपये कीमत के 70 […]

You May Like