पुरी रथ यात्रा के दौरान रेल यात्रियों की आवाजाही 6.78 फीसदी बढ़ी

भुवनेश्वर, 29 जुलाई (वार्ता) वर्ष 2026 की रथ यात्रा के दौरान पुरी रेलवे स्टेशन से गुजरने वाले यात्रियों की संख्या में 6.78 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी और मूसलाधार बारिश के बावजूद पूर्व तटीय रेलवे (ईसीओआर) ने सूक्ष्म योजना, अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं तथा समन्वित भीड़ प्रबंधन के जरिए लगभग 13 लाख श्रद्धालुओं की आवाजाही को सफलतापूर्वक संभाला।

रेलवे ने औसतन रोजाना लगभग एक लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की, जो पिछले वर्ष के उत्सव के मुकाबले 6.78 प्रतिशत अधिक है। ईसीओआर ने इस सुचारू संचालन का श्रेय महीनों की अग्रिम योजना, अंतर-एजेंसी समन्वय और मजबूत बुनियादी ढांचे को दिया।

वार्षिक उत्सव से कई महीने पहले ही एक व्यापक कार्य योजना के साथ तैयारियां शुरू कर दी गयी थीं, जिसमें यात्री सुविधाएं, सुरक्षा, निगरानी, ट्रेन संचालन और आपातकालीन प्रतिक्रिया शामिल थी। एक समर्पित ‘वार रूम’ ने चौबीसों घंटे अभियानों की निगरानी की, जबकि जिला प्रशासन, ओडिशा पुलिस, मंदिर अधिकारियों और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय ने प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित किया। यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए ईसीओआर ने रेलवन ऐप, ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन और मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग सिस्टम डिवाइस सहित डिजिटल टिकटिंग सुविधाएं तैनात कीं। 220 सीसीटीवी कैमरों और 19 वीडियो दीवारों से जुड़े एक कमान एवं नियंत्रण केंद्र ने भीड़ की आवाजाही पर लगातार नजर रखी।

रेलवे ने टिकटों की रियल-टाइम बिक्री के आधार पर दो अमृत भारत विशेष सेवाओं सहित अतिरिक्त विशेष ट्रेनें चलायी और मांग को पूरा करने के लिए खुर्दा रोड-पुरी सेक्शन पर अतिरिक्त रैक तैनात किये। श्रद्धालुओं को बारिश से बचाने के लिए 16,000 वर्ग मीटर से अधिक में फैले अस्थायी होल्डिंग एरिया और 13,000 वर्ग मीटर के विश्राम स्थल बनाये गये। रेलवे ने 187 अस्थायी शौचालय, 128 स्नानघर और 103 मूत्रालय भी उपलब्ध कराये, जबकि हाउसकीपिंग टीमों ने चौबीसों घंटे काम किया। उत्सव के दौरान चिकित्सा टीमों, प्राथमिक उपचार बूथों और एम्बुलेंसों ने लगभग 13,000 श्रद्धालुओं का इलाज किया, जिसमें एक गंभीर रूप से बीमार बच्ची की जान बचाना भी शामिल है। आरपीएफ, जीआरपी और एआई-संचालित सीसीटीवी निगरानी के जरिये सुरक्षा मजबूत की गयी थी।

ईसीओआर ने उत्सव से पहले पूरी में दो नये प्लेटफॉर्म, मालतीपाटपुर में एक अतिरिक्त लूप लाइन और अन्य बुनियादी ढांचे का जीर्णोद्धार भी पूरा किया। इसके अलावा सहयोगी संगठनों की मदद से श्रद्धालुओं को लगभग तीन लाख मुफ्त भोजन के पैकेट वितरित किये गये।

 

Next Post

पब्लिक एक्जामिनेशन्स (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक-2026 ऐतिहासिक निर्णय-भजनलाल

Wed Jul 29 , 2026
जयपुर 29 जुलाई (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पब्लिक एक्जामिनेशन्स (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक-2026 के लोकसभा से पारित होने पर इसे देश के करोड़ों युवाओं के सपनों, परिश्रम और विश्वास की रक्षा करने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी […]

You May Like