ईरान के साथ तीन और हफ्ते युद्ध की योजना तैयार: इजरायल

तेल अवीव, 16 मार्च (वार्ता) अमेरिका-इजरायल बनाम ईरान युद्ध के थमने के संकेत नहीं दिख रहे हैं और अब इजरायल ने स्पष्ट कर दिया है कि उसके पास अगले तीन हफ्तों की लड़ाई के लिए विस्तृत योजना तैयार हैं। इस बीच ईरान के विभिन्न ठिकानों पर इजरायल-अमेरिका की सेना का हमले जारी है।

इजरायली सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल नदाव शोशानी ने सोमवार को मीडिया ब्रीफिंग में खुलासा किया कि ईरान के साथ युद्ध के लिए अगले तीन हफ्तों की विस्तृत परिचालन योजनाएं तैयार हैं। उन्होंने कहा कि युद्ध को और आगे बढ़ाने की अतिरिक्त योजनाएं भी मौजूद हैं। इस बीच ईरानी ड्रोन हमलों की वजह से दुबई हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और अमीरात में एक प्रमुख तेल सुविधा को निशाना बनाया गया है।

यह लड़ाई अब अपने तीसरे हफ्ते में प्रवेश कर रही है और इसका कोई स्पष्ट अंत नजर नहीं आ रहा है। इजरायल-अमेरिका ने 28 फरवरी 2026 को ईरान के कई शहरों और ठिकानों पर अचानक हवाई हमले किए थे। इन हमलों में ईरान ने अपने सर्वोच्च नेता अली खामेनेई और कई अन्य ईरानी अधिकारियों को खो दिया। ईरान ने इसके जवाब में इजरायल, अमेरिकी ठिकानों और क्षेत्र में अमेरिका के सहयोगी देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए।

इस युद्ध के परिणामस्वरूप, न केवल तेल और गैस की कीमतों में तत्काल उछाल आया है, बल्कि विमानन और पर्यटन क्षेत्र में भी व्यापक व्यवधान पैदा हुआ है। इसके साथ ही वित्तीय बाजारों में भारी अस्थिरता देखी जा रही है। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को बंद कर दिया है और ऊर्जा केंद्रों पर हमले किए हैं, जिससे वैश्विक तेल और गैस की खेप प्रभावित हुई है।

 

Next Post

महाराष्ट्र: नागपुर में पिकअप पलटने से 26 मज़दूर घायल

Tue Mar 17 , 2026
नागपुर,(वार्ता) महाराष्ट्र के नागपुर ज़िले की नरखेड़ तहसील में मोवाड के पास मज़दूरों को ले जा रही एक पिकअप के पलटने से कम से कम 26 मज़दूर घायल हो गए, जिनमें से दस की हालत गंभीर है। पुलिस ने आज यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार ये मज़दूर पड़ोसी अमरावती […]

You May Like