दस्तक अभियान का लाभ सभी पात्र बच्चों तक पहुंचे- सीएमएचओ डॉ. राय

दमोह‌। मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश राय ने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस एवं स्टॉप डायरिया सह दस्तक अभियान के अंतर्गत शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 96, 97 एवं 77 तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिंडोरिया अंतर्गत खिरिया आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 23 का औचक निरीक्षण कर बच्चों एवं माताओं को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, अभियान की प्रगति तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बच्चों की सेहत और सुरक्षा का अभियान

निरीक्षण के दौरान डॉ. राय ने बताया कि स्टॉप डायरिया सह दस्तक अभियान के तहत जिले के अब तक 209 ग्रामों में पहुंचकर बच्चों का प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है। दस्त से बचाव एवं समय पर उपचार के लिए बच्चों को ओआरएस पैकेट एवं जिंक की गोलियों का वितरण किया जा रहा है। साथ ही रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने एवं बच्चों को विभिन्न बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से विटामिन-ए अनुपूरण कराया जा रहा है। गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें उपचार एवं पोषण प्रबंधन के लिए पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया जा रहा है।

जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव

अभियान के माध्यम से अभिभावकों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, हाथ धोने की आदत, भोजन एवं बर्तनों की स्वच्छता, बच्चों में खतरे के लक्षणों की समय पर पहचान तथा दस्त होने पर तत्काल ओआरएस, जिंक का उपयोग एवं निकटतम स्वास्थ्य संस्था में संपर्क करने के संबंध में लगातार जागरूक किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान डॉ. राय ने निर्देश दिए कि अभियान का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक समय पर पहुंचे तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न रहे।

Next Post

मुर्मु ने कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने पर अनेक नागरिक-केंद्रित पहलों का शुभारंभ किया

Tue Jul 28 , 2026
नयी दिल्ली 28 जुलाई (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर राष्ट्रपति भवन तथा राष्ट्रपति संपदाओं में अनेक पहलों का उद्घाटन किया और विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखी। राष्ट्रपति सचिवालय ने मंगलवार को बताया कि इन पहलों में राष्ट्रपति भवन के आगंतुकों […]

You May Like