
सीधी/चुरहट। सड़क में कचरा और आवारा मवेशी दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं। नगर पंचायत परिषद चुरहट प्रशासन के लिए यह समस्या चुनौती बनी है। वहीं अव्यवस्था को लेकर नगरवासियों में नाराजगी है।
दरअसल नगर परिषद चुरहट के मुख्य बाजार में सडक़ पर फैली अव्यवस्था आम लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनती जा रही है। स्थानीय व्यापारियों द्वारा दुकानों की सड़ी-गली सब्जियां, होटलों का बचा हुआ भोजन और घरों का जूठन सीधे सडक़ पर फेंक दिया जाता है। इसके कारण बड़ी संख्या में आवारा पशु सडक़ पर जमा हो जाते हैं जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सडक़ पर अचानक पशुओं के आ जाने से दोपहिया और चार पहिया वाहन चालक असंतुलित हो जाते हैं। कई बार लोग चोटिल भी हुए हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। दूसरी ओर बाजार में दोनों ओर सडक़ किनारे दुकानदारों द्वारा सामान सजाकर अतिक्रमण कर लिया जाता है। इससे सडक़ की चौड़ाई कम हो जाती है और वाहनों का आवागमन प्रभावित रहता है। व्यस्त समय में जाम की स्थिति बन जाती है जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद, राजस्व विभाग और पुलिस द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाने और सडक़ पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात तो कही जाती है लेकिन स्थायी कार्रवाई नहीं होने से हालात जस के तस बने हुए हैं। यह भी बताया गया कि यदि किसी वाहन से आवारा पशु टकरा जाए या दुर्घटना हो जाए तो कई बार वाहन चालक के साथ मारपीट तक की नौबत आ जाती है। शहरवासियों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि सडक़ पर कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाया जाए, आवारा पशुओं को सडक़ से हटाने की प्रभावी व्यवस्था की जाए तथा मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटाकर सुचारु और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित किया जाए।
००
नहीं हो रही कार्रवाई, बढ़ रहा आक्रोश
नगर परिषद चुरहट के मुख्य बाजार में सडक़ पर कचरा फेंकने, आवारा पशुओं के जमावड़े और बढ़ते अतिक्रमण के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कई बार शिकायतों के बावजूद न तो सडक़ पर गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है और न ही अतिक्रमण हटाने का नियमित अभियान चलाया जा रहा है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।
००
इनका कहना है
अभी मैं चुरहट से बाहर हूं, फिर भी संबंधित कर्मचारी को सफाई एवं व्यवस्था के लिये बोलता हूं। चुरहट आने के बाद मेरे द्वारा सफाई एवं आवारा पशुओं की समस्या पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित कराई जायेगी।
मोहित शुक्ला, सीएमओ नगर परिषद चुरहट
०००००००००००००
