पुराने मकान का छज्जा गिरने से दुकान कर्मचारी घायल

जबलपुर: शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच कोतवाली थाना अंतर्गत आने वाले मिलौनीगंज इलाके में मंगलवार दोपहर एक पुराने जर्जर मकान का छज्जा अचानक भरभरा कर नीचे गिर गया। इस हादसे की चपेट में आने से पास ही स्थित समोसे की दुकान पर काम करने वाला एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दहशत और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12: 30 बजे मिलौनीगंज स्थित राजा रसगुल्ला के समीप स्थित एक पुराने मकान का छज्जा अचानक ढह गया। छज्जे का भारी-भरकम मलबा ठीक नीचे लगी समोसे की दुकान पर गिरा, जिससे वहां काम कर रहा कर्मचारी उसकी चपेट में आ गया। अचानक जोरदार आवाज के साथ छज्जा गिरने से आसपास के व्यापारी और राहगीर सहम गए। मौके पर तुरंत लोगों की भीड़ जमा हो गई। नागरिकों की मदद से घायल कर्मचारी को मलबे से निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
20 दिन पहले जमींदोज हुई थी बिल्डिंग
गौरतलब है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के भीतर ही बीते 7 जुलाई को भी एक बड़ा हादसा हो चुका है। तब सबसे व्यस्त और व्यावसायिक इलाके बड़ा फुहारा में बिल्डिंग अचानक पूरी तरह जमींदोज हो गई थी। लगातार दो हादसों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और इमारतों की स्थिति पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश के इस सीजन में एक के बाद एक हो रहे इन हादसों ने जिम्मेदारों के के दावों की पोल खोल कर रख दी है। मानसून से पहले जर्जर और खतरनाक घोषित की जाने वाली इमारतों पर समय रहते कार्रवाई न करने का खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। व्यापारिक और रिहाइशी इलाकों में आज भी कई जर्जर भवन मौत का साया बनकर खड़े हैं।

Next Post

गुरु भारतीय संस्कृति के शाश्वत प्रकाश स्तम्भ-देवनानी

Tue Jul 28 , 2026
जयपुर, 28 जुलाई (वार्ता) राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि भारतीय संस्कृति में गुरु ज्ञान के प्रदाता होने के साथ ही राष्ट्र, संस्कृति और समाज में चरित्र निर्माण के शाश्वत प्रकाश स्तम्भ भी है। श्री देवनानी […]

You May Like