
उज्जैन। देवासरोड पर तेजगति से दौड़ती कार का टायर फट गया, कार अनियंत्रित होने के बाद डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में आंध्रप्रदेश के युवक की मौत हो गई। चालक और पार्टनर को मामूली चोंट लगी है। परिवार के आने पर मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया।
आंध्रप्रदेश के श्रीकुलम का रहने वाला मणिकांता 31 साल इंदौर आया था और पार्टनर ओमप्रकाश पिता मांगीलाल धाकड़ निवासी महालक्ष्मीनगर इंदौर के साथ कार चालक बालकिशन पिता राधेश्याम के साथ शनिवार को महाकाल दर्शन करने उज्जैन आया था। बताया जा रहा है कि दर्शन के बाद शाम को तीनों वापस इंदौर लौट रहे थे। इस दौरान नागझिरी थाना क्षेत्र के प्रेमनगर ब्रिज के नीचे चंदेसरी मार्ग देवासरोड पर अचानक कार का टायर फट गया और अनियंत्रित होने के बाद डिवाइडर से टकरा गई। पीछे बैठा मणिकांता गंभीर घायल हो गया। उसे नानाखेड़ा स्थित निजी अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत होना सामने आया। निजी अस्पताल से शव चरक अस्पताल लाया गया। बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश धाकड़ और चालक बालकिशन को मामूली चोंट लगी थी। मामले की सूचना नागझिरी थाना पुलिस को दी गई। एएसआई द्वारिका प्रसाद ने बताया कि मामले में मर्ग कायम किया गया और परिजनों को सूचना दी गई रविवार दोपहर आंध्र प्रदेश से उज्जैन पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों ने बताया कि मणिकांता बीच का कारोबार करता था और पार्टनर ओम प्रकाश से कारोबार के सिलसिले में मिलने इंदौर आता रहता था। इस बार उन्होंने महाकाल दर्शन की योजना बनाई थी।
