
रीवा, रीवा जिले के चाकघाट नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी और एक महिला कंप्यूटर ऑपरेटर के बीच हुई बातचीत का एक बेहद आपत्तिजनक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लिया और इस पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए थे। जांच प्रतिवेदन में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के बाद अब CMO के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के लिए संभागयुक्त कार्यालय को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
दरअसल वायरल हुए इस कथित ऑडियो में चाकघाट नगर परिषद के CMO महिला कर्मचारी को अपने कमरे पर दो घंटे बिताने के लिए दबाव बनाते हुए सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो में अधिकारी द्वारा महिला से यह भी कहते सुना जा रहा है कि “कमरे में दो घंटे साथ रहो, किसी को कुछ पता नहीं चलेगा”। इस आपत्तिजनक मांग को मानने से इनकार करने पर महिला कंप्यूटर ऑपरेटर को नौकरी से हटाने जैसी मानसिक प्रताड़ना की बात भी सामने आई है।
फिलहाल ऑडियो लीक होने के बाद पूरे जिले के प्रशासनिक और राजनैतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।हलाकि ऑडियो के सोशल मीडिया पर आते ही रीवा कलेक्टर ने बिना किसी देरी के मामले को स्वतः संज्ञान में लिया। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम द्वारा इस पूरे मामले की त्वरित जांच कराई गई। जांच अधिकारियों ने ऑडियो की बारीकी से पड़ताल की, जिसमें प्रथम दृष्टया उक्त आवाज चाकघाट नगर परिषद के सीएमओ की ही पाई गई है।
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला कर्मचारी की औपचारिक शिकायत आने से पहले ही हमने जांच के निर्देश जारी कर दिए थे। हालांकि, बाद में पीड़ित महिला कर्मचारी ने भी उपस्थित होकर अपनी लिखित शिकायत दर्ज कराई है। कलेक्टर् ने बताया की एसडीएम की जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई और निलंबन के लिए प्रस्ताव कमिशनर कार्यालय को भेज दिया गया है।”
कलेक्टर ने इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो बेहद आपत्तिजनक और शर्मनाक है। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बेटियों, महिलाओं और विशेषकर महिला कर्मचारियों का सम्मान बनाए रखना प्रशासन का पहला दायित्व है, और इसका उल्लंघन करने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।
